Oplus_131072
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक प्लॉट बेचकर 5 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी का खुलासा
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास का भंडाफोड़ किया है। मामले में मुख्य आरोपी अज्जू खां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अतिक्रमण हटाने और बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में मल्हारगंज एसडीएम और तहसीलदार द्वारा ग्राम सिरपुर स्थित शासकीय भूमि की जांच में सामने आया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के नाम दर्ज जमीन को निजी भूमि बताकर “न्यू लक्ष्मी नगर” नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। आरोपी ने फर्जी तरीके से छोटे-छोटे प्लॉट काटकर नोटरी के माध्यम से उनका विक्रय भी किया।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने जिस सर्वे नंबर की भूमि को अपना बताया, वह उसके नाम पर दर्ज ही नहीं है। इसके बावजूद शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे निजी संपत्ति के रूप में बेचने का प्रयास किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 316(5) के तहत थाना चंदननगर में प्रकरण दर्ज किया गया है।प्रशासन ने मौके पर शासकीय भूमि पर बने टीनशेड मकानों में रह रहे लोगों के विरुद्ध भी राजस्व प्रकरण दर्ज कर बेदखली के आदेश जारी किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि भूमाफिया द्वारा 100 से अधिक प्लॉट करीब 5 लाख रुपये प्रति प्लॉट के हिसाब से बेचकर आम लोगों से 5 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई है।
