मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए “हम अभिनंदन लाल, तो तुम टपोरी लाल” वाले बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पलटवार किया है। उन्होंने अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा गांधीवादी है और वह नफरत का जवाब नफरत से नहीं देगी।पटवारी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा, “कांग्रेस परिवार के साथियों, हम गांधीवादी हैं। हमें मुख्यमंत्री की घृणा का जवाब पुतले जलाकर नहीं देना है। जनहित के लिए इसी प्रकार लड़ते रहना है और जनहित के प्रश्न भी पूछते रहना है।”कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने संकेत दिए कि उनकी पार्टी सरकार के खिलाफ जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राजनीतिक बयानबाजी में उलझने के बजाय जनहित के सवालों पर फोकस बनाए रखने का आह्वान किया।वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान के बाद शुरू हुई सियासी बहस अब और तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि दोनों दलों के समर्थक सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।प्रदेश की राजनीति में इस बयान और उसके जवाब को लेकर नया राजनीतिक घमासान खड़ा हो गया है, जिसमें एक ओर तीखे तंज हैं तो दूसरी ओर गांधीवादी राजनीति का संदेश देने की कोशिश दिखाई दे रही है।
