इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के निपानिया कांकड़ इलाके में जन्मदिन का जश्न मनाना कुछ युवकों को भारी पड़ सकता है। चलती कार पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक अपनी जान के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ करते नजर आ रहे हैं।वायरल वीडियो में बाइक के काफिले के बीच कार क्रमांक MP 09 WM 3204 तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती दिखाई दे रही है। कार की सनरूफ से दो युवक बाहर निकलकर छत पर बैठे हैं, जबकि एक अन्य युवक चलती कार के बोनट पर बैठकर फिल्मी अंदाज में पोज दे रहा है। रात के समय सड़क पर किया गया यह खतरनाक करतब किसी भी पल बड़े हादसे में बदल सकता था।स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक अपने दोस्त का जन्मदिन मना रहे थे और उसी दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए यह स्टंट किया गया। वायरल होने की चाह में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं।विशेषज्ञों के मुताबिक चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना या बोनट पर बैठना बेहद जानलेवा साबित हो सकता है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के असंतुलित होने या हल्की टक्कर की स्थिति में व्यक्ति सीधे सड़क पर गिर सकता है, जिससे गंभीर चोट या मौत तक हो सकती है।मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस तरह की हरकतें दंडनीय अपराध हैं। दोषी पाए जाने पर भारी चालान, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और आपराधिक कार्रवाई तक की जा सकती है।लसूड़िया थाना प्रभारी तरेश सोनी ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में जांच की जा रही है। वाहन और युवकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल वायरल वीडियो पर पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच के बाद सख्त कदम उठाए जाने की संभावना है।
