इंदौर। शहर में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चल रहे सख्त अभियान के तहत विजयनगर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में बस चला रहे चालक को गिरफ्तार कर यात्री बस जब्त कर ली। बस बिना वैध परमिट के संचालित की जा रही थी।पुलिस के अनुसार 28 फरवरी की रात करीब 1 बजे विशेष वाहन चेकिंग के दौरान रसूमा चौराहा की ओर से आ रही बस क्रमांक MP09FA6155 को तेज और लापरवाही से चलाते हुए देखा गया। पुलिस ने तत्काल वाहन को रुकवाकर जांच की।जांच में चालक राधेश्याम माली (45), निवासी जिला देवास, शराब के नशे में पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में उसके शरीर में 78.9 mg/100 ml अल्कोहल पाया गया, जो निर्धारित सीमा से काफी अधिक है। बस में यात्री सवार थे, जिनकी जान जोखिम में डालकर वाहन चलाया जा रहा था।दस्तावेजों की जांच में बस का वैध परमिट भी नहीं मिला। पूछताछ में सामने आया कि वाहन स्वामी द्वारा जानबूझकर बिना परमिट बस का संचालन कराया जा रहा था।पुलिस ने चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
