इंदौर के Maharaja Yeshwantrao Hospital (एमवाय हॉस्पिटल) में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले दो से तीन महीनों से सैलरी नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी सैलरी Bharat Vikas Group (बीवीजी) के माध्यम से दी जाती है, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कर्मचारियों के अनुसार वेतन को लेकर संबंधित अधिकारियों को लगातार कॉल और मैसेज किए जा रहे हैं, लेकिन न तो कॉल उठाए जा रहे हैं और न ही मैसेज का जवाब दिया जा रहा है। कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में भी नहीं मिल रहे हैं।शुक्रवार को कई कर्मचारी डीन से मिलने MGM Medical College के डीन कार्यालय पहुंचे, लेकिन डीन के नहीं मिलने पर वे निराश होकर वापस लौट गए। कर्मचारियों के बीच इस मुद्दे को लेकर ग्रुपों में लगातार चर्चा हो रही है और जल्द सैलरी जारी करने की मांग की जा रही है।जानकारी के अनुसार भारत विकास ग्रुप पहले से ही तरजादा की ब्लैकलिस्ट में शामिल बताया जा रहा है। इसके बावजूद एमवाय हॉस्पिटल की व्यवस्था का टेंडर इसी कंपनी को सौंपे जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इसके कारण व्यवस्थाओं और वेतन भुगतान को लेकर लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं।इस मामले में जब खबरसत्याग्रह की टीम ने वेतन भुगतान को लेकर भारत विकास ग्रुप के जिम्मेदारों विवेक और अभय से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनके मोबाइल नंबरों पर कई बार कॉल किए गए, लेकिन किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं किया।
