इंदौर। शहर की कृष्णबाग कॉलोनी में नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत गरमा गई है। करीब 42 मकानों को जमींदोज किए जाने से प्रभावित हुए परिवारों से मिलने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे। उन्होंने बेघर हुए लोगों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन तथा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे पटवारी ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनके अधिकारों और न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर संभव प्रयास करेगी और मुकदमे की पैरवी तथा वकीलों का खर्च भी कांग्रेस उठाएगी। इस मामले में देश के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और विवेक तन्खा पीड़ितों की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।पटवारी ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई परिवारों ने वर्षों की मेहनत, मजदूरी और अपनी जमा पूंजी से घर बनाए थे, लेकिन उन्हें बिना पर्याप्त विकल्प दिए बेघर कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि जब मकानों के नक्शे पास हुए और बिजली कनेक्शन दिए गए, तब प्रशासन ने निर्माण को लेकर आपत्ति क्यों नहीं जताई।उन्होंने प्रभावित परिवारों के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए इंदौर कलेक्टर से मुलाकात करने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस 15 हजार लोगों के साथ कलेक्टोरेट का घेराव करेगी। पटवारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे मकानों को तोड़ने की कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।कृष्णबाग कॉलोनी की कार्रवाई अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर विवाद का विषय बनती जा रही है।
