इंदौर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए कानून को चुनौती देने का एक और मामला सामने आया है। शहर के एक युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ते हुए नजर आ रहा है। खास बात यह है कि जिस बाइक से धमाके किए जा रहे हैं, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी दिखाई दे रही है।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो युवक ने खुद ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो में वह चलती बाइक से जोरदार धमाकों के साथ पटाखे फोड़ता नजर आ रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और हजारों लोग इसे देख चुके हैं।सूत्रों के अनुसार वीडियो में दिख रहा युवक अक्रांत बोयत बताया जा रहा है। चर्चा यह भी है कि उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहले से कुछ मामले दर्ज हैं। वहीं युवक के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर कई राजनीतिक नेताओं और छात्र नेताओं के साथ तस्वीरें भी पोस्ट की गई हैं, जिनके सहारे वह खुद को उनका करीबी बताने की कोशिश करता नजर आता है।ट्रैफिक नियमों के अनुसार वाहनों में इस तरह के मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ युवक सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने और रील वायरल करने के लिए ऐसे खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं, जिससे न सिर्फ उनकी बल्कि आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाने वाले इस युवक पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है या यह मामला भी सिर्फ वायरल वीडियो बनकर रह जाता है।
