इंदौर में रविवार को रंगपंचमी पर निकली ऐतिहासिक गेर ने एक बार फिर शहर को रंगों में सराबोर कर दिया। राजवाड़ा क्षेत्र में सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी और देखते ही देखते पूरा इलाका गुलाल के बादलों से ढक गया। गेर में मिसाइलों, टैंकरों और हाथी की सूंड से रंगों की बौछार की गई, जिससे आसमान तक सतरंगी नजर आया।सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ 76वां गेर महोत्सव दोपहर करीब 2 बजे तक चला। भीड़ पिछले साल की तुलना में थोड़ी कम रही, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। परिवारों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी गेर का आनंद लेने पहुंचे।गेर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। राजवाड़ा और आसपास के इलाकों में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे, वहीं 10 से अधिक ड्रोन और 200 से ज्यादा कैमरों से निगरानी की गई। हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई और जूते-चप्पल या सामान फेंकने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया।गेर समाप्त होने के बाद नगर निगम ने तुरंत सफाई अभियान चलाकर सड़कों को साफ कराया। रंगों, उत्साह और अपनेपन से भरी इस गेर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंदौर की रंगपंचमी सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि शहर की पहचान है।
