इंदौर। शहर के बाणगंगा क्षेत्र स्थित आशा कन्फेक्शनरी में रविवार को उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कारोबारी दीपक दरयानी के बेटे पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के बाद कंपनी परिसर में जमकर हंगामा हो गया और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।कर्मचारियों के अनुसार, किसी बात को लेकर मालिक के बेटे और एक कर्मचारी के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस घटना से नाराज कर्मचारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया और कंपनी परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साए कर्मचारियों ने मालिक के बेटे को दौड़ा लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे के दौरान कंपनी के मुख्य गेट को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले को लेकर बाणगंगा थाने पर भी काफी गहमागहमी की स्थिति बनी रही।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
