हत्या के 8-9 महीने बाद परिवार में नवजात का जन्म, परिजन बोले- ये हमारे राजा की ही वापसी है

इंदौर में चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद गहरे शोक में डूबे परिवार के जीवन में अब एक नई उम्मीद की रोशनी जगी है। लंबे समय से बेटे को खोने के दर्द में जी रहे परिवार के आंगन में नवजात के जन्म के साथ एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है।राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर ग्यारस के शुभ दिन बेटे का जन्म हुआ। इस नन्हीं किलकारी ने पूरे परिवार के जख्मों पर मानो मरहम लगा दिया हो। परिजनों ने नवजात का नाम भी ‘राजा’ रखा है और उसे अपने खोए हुए सदस्य की वापसी मानकर भावुक हो उठे हैं।परिवार के सदस्य विपिन रघुवंशी ने बताया कि राजा की हत्या के बाद तेहरवी के दौरान कामाख्या मंदिर के एक पुजारी ने भविष्यवाणी की थी कि राजा अपने ही परिवार में दोबारा जन्म लेगा। अब सचिन के घर बेटे के जन्म को वे उसी भविष्यवाणी का सच होना मान रहे हैं।इस घटना को और भी भावुक बना देता है एक अद्भुत संयोग—जिस दिन और जिस समय राजा रघुवंशी की मृत्यु हुई थी, वह भी ग्यारस का दिन और दोपहर करीब 2:40 बजे का समय था। वहीं नवजात का जन्म भी ग्यारस के दिन दोपहर 2:42 बजे हुआ। इस समानता ने परिवार के विश्वास को और मजबूत कर दिया है।राजा की मां उमा रघुवंशी ने आंखों में आंसू और चेहरे पर हल्की मुस्कान के साथ कहा, “यह मेरे बेटे की ही वापसी है… भगवान ने उसे फिर हमारे पास भेज दिया।”करीब 8-9 महीनों से गम के साए में जी रहा यह परिवार अब इस नन्हे ‘राजा’ के आने से फिर से जीने की उम्मीद महसूस कर रहा है। घर में गूंजती किलकारियां अब उस सन्नाटे को तोड़ रही हैं, जिसने कभी हर कोने को खामोश कर दिया था।
