इंदौर के नवलखा क्षेत्र स्थित तीन इमली के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अवैध रूप से खड़ी निजी बसों की पार्किंग में अचानक आग लगने से 5 बसें जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान लगातार 4 जोरदार धमाके भी सुनाई दिए। लोगों का कहना है कि धमाके गैस सिलेंडर फटने जैसे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक बस में वेल्डिंग और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान चिंगारी से आग भड़क गई और देखते ही देखते आसपास खड़ी अन्य बसों तक फैल गई। मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं, जिन्हें जल्दबाजी में वहां से हटाया गया।घटना के समय आसपास की रिहायशी बस्ती में दहशत फैल गई। आग और धमाकों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में लंबे समय से निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत का काम किया जा रहा था, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता था।स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस अवैध पार्किंग की शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में वे मौके पर ही धरने पर बैठ गए।पुलिस के मुताबिक हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
