राजगढ़ के पचोर में 5 धमाकों से दहला इलाका, डीजल टैंकर चपेट में, 12 झुलसे, एक गंभीर
राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पेट्रोल पंप पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और डीजल से भरा टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया। हादसे के दौरान हुए 5 जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देता रहा।जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 8:30 बजे चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर हुआ। पेट्रोल पंप कर्मचारी जगदीश धनगर ने बताया कि एक बाइक में अचानक स्पार्क हुआ, जिसके बाद आग लग गई। कुछ ही सेकंड में आग ने आसपास खड़ी गाड़ियों और टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे में 12 लोग झुलस गए, जबकि 12 बाइक जलकर खाक हो गईं। मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।घायलों में दो महिलाएं और एक पुरुष को गंभीर हालत में शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायल पुरुष बलराम की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। घायल महिलाओं की पहचान लतीफा बी और सलोनी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
