इंदौर में बढ़ती गर्मी के बीच पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को विकास नगर में रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी नहीं मिलने से परेशान लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और खाली मटके फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।प्रदर्शन में क्षेत्रीय पार्षद सोनिला मिमरोट भी रहवासियों के साथ शामिल हुईं। विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और जल्द समाधान की मांग करने लगे।रहवासियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि इंटरकनेक्शन के जरिए पानी नेहरू नगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे विकास नगर सहित आसपास के इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया है। साथ ही कई जगह दूषित पानी की सप्लाई की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है। विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम के चलते इलाके में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
