इंदौर के थाना विजयनगर पुलिस द्वारा क्षेत्र की बीपीओ कंपनी एयरविनसिबल प्राइवेट लिमिटेड में महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में कंपनी के करीब 300 कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। यह आयोजन पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में एसीपी विजयनगर पराग सैनी और थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में किया गया।कार्यशाला में पुलिस टीम ने महिलाओं से जुड़े अपराधों, सुरक्षा उपायों और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। कर्मचारियों को छेड़छाड़, साइबर फ्रॉड, स्टॉकिंग और उत्पीड़न जैसी घटनाओं में तुरंत पुलिस को सूचना देने और कानूनी सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।साइबर अपराधों को लेकर ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, OTP धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के तरीके भी बताए गए। साथ ही मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक से बचने और निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।महिला उपनिरीक्षक निधि रघुवंशी ने POSH Act 2013 के तहत कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। वहीं नशा मुक्ति पर कर्मचारियों को जागरूक करते हुए स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।
