बैरिकेड्स तोड़ भागा चालक, बंबई बाजार में जनता का फूटा गुस्सा
इंदौर के छत्रीपुरा इलाके में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ट्राले चालक ने पुलिस चेकिंग के दौरान लगाए गए बैरिकेड्स और स्टॉपर तोड़ दिए। घटना के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस ने पीछा करते हुए आखिरकार बंबई बाजार इलाके में ट्राले को घेरकर रुकवाया।जानकारी के मुताबिक गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस की नियमित चेकिंग चल रही थी। सड़क पर बैरिकेड्स लगाए गए थे, तभी तेज रफ्तार ट्राला वहां पहुंचा और बिना रुके बैरिकेड्स तोड़ते हुए जवाहर मार्ग की ओर भाग निकला। ट्राले की रफ्तार देखकर लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी ट्राले का पीछा शुरू कर दिया। बंबई बाजार इलाके में पुलिस ने एफआरवी वाहन लगाकर ट्राले को रुकवाया। जैसे ही ट्राला रुका, गुस्साए लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने ट्राले के कांच फोड़ दिए। मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हालात बन गए।एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने ट्राले को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि घटना के दौरान यह अफवाह भी फैल गई थी कि ट्राले ने कई लोगों को टक्कर मार दी है, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि समय रहते ट्राले को रोक लिया गया, वरना भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था।
