देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच कांग्रेस के वार्ड 22 पार्षद राजू भदौरिया ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह महंगाई की सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में पेट्रोल ₹125 प्रति लीटर तथा डीजल ₹110 प्रति लीटर तक पहुंच सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि कीमतें इससे भी ज्यादा बढ़ सकती हैं।पार्षद ने कहा कि चुनाव के दौरान महंगाई पर रोक लगी हुई थी, लेकिन अब धीरे-धीरे उसका असर दिखाई देने लगा है। उनका कहना है कि राहुल गांधी जी ने पहले ही महंगाई बढ़ने की बात कही थी और अब हालात उसी दिशा में जाते दिख रहे हैं।बता दें कि शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मध्य प्रदेश में नई दरों के बाद भोपाल में पेट्रोल करीब ₹109.71 प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि कई शहरों में डीजल के दाम भी बढ़े हैं। इस बढ़ोतरी का असर परिवहन, किराना और रोजमर्रा के सामानों पर पड़ सकता है। पार्षद राजू भदौरिया ने कहा कि बढ़ती महंगाई सिर्फ पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि किराने का सामान, घरेलू जरूरतें और सोना-चांदी जैसी चीजें भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले आम परिवार अपनी बहन-बेटियों के लिए सोना-चांदी खरीद लेते थे, लेकिन अब बढ़ती कीमतों के कारण खरीदारी से पहले कई बार सोचना पड़ रहा है।उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है, जबकि अमीर वर्ग और मजबूत हो रहा है। पार्षद का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति को कमजोर किया है और आने वाले समय में हालात और मुश्किल हो सकते हैं।
