
मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। गुलाब बाग कॉलोनी में बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक को चार गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान अभयेंद्र सिंह तोमर, निवासी अग्रवाल कॉलोनी, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।बताया जा रहा है कि साल 2024 में हुए एक गोलीकांड में अभयेंद्र सिंह तोमर का नाम सामने आया था। आशंका है कि उसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया हो। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस और लसूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
