Oplus_131072
इंदौर। चिमनबाग ग्राउंड के पीछे लकी वंडर्स क्लब में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट सोमवार देर रात विवाद की भेंट चढ़ गया। एक टीम को प्रतियोगिता से बाहर किए जाने के फैसले को लेकर खिलाड़ियों के बीच शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई। मामले में एमजी रोड थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार बिजासन नगर निवासी यश टिकलिया ने शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रात करीब 12:15 बजे टूर्नामेंट स्थल पर मौजूद था। इसी दौरान महू टीम से जुड़े मयंक गौड़ और रोहन मेहरा वहां पहुंचे। संस्था वैष्णवी की टीम को टूर्नामेंट से बाहर करने के निर्णय को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।आरोप है कि कहासुनी के दौरान गाली-गलौज हुई और विरोध करने पर यश के साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।घटना के बाद पीड़ित पक्ष एमजी रोड थाने पहुंचा, जहां शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर टूर्नामेंट से टीम को बाहर करने का फैसला ही विवाद की वजह माना जा रहा है।
