थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी इलाके में स्थित ना लाडप्राओ (Na Ladprao) बार में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग आधी रात के करीब लगी और देखते ही देखते पूरे बार में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले स्टेज के पास बिजली के सर्किट से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद धमाके जैसी आवाज आई और पूरा हॉल धुएं से भर गया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और आपातकालीन निकास मार्गों में बाधा को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
