24 घंटे के सघन अभियान में 90 प्रकरण दर्ज, ढाबों पर शराब परोसने और तस्करी करने वालों पर विभाग की सख्त नजर
इंदौर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में 24 नवंबर की तड़के से 25 नवंबर की शाम तक चलाए गए अभियान में कुल 90 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत दो मामले शामिल हैं।कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 9 दोपहिया और 2 चारपहिया वाहनों सहित कुल 11 वाहन जब्त किए। बरामद मदिरा और जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है।अभियान के दौरान विभाग ने अवैध रूप से शराब बेचने, भंडारण करने और परिवहन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी। साथ ही ढाबों पर अवैध तरीके से शराब परोसने की गतिविधियों को रोकने के लिए भी सख्ती बरती गई।कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए सूचना एवं इनपुट्स के आधार पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
