पांच बसों से धार्मिक यात्रा के आयोजन में विधायक रमेश मेंदोला ने दिखाई हरी झंडी, रत्नेश मेंदोला के साथ भी लगातार नजर आ रहे बब्बू यादव
इंदौर। शहर में कांग्रेस से जुड़े बब्बू यादव की भाजपा विधायक रमेश मेंदोला से बढ़ती नजदीकी राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गई है। बब्बू यादव द्वारा पांच बसों के जरिए श्रद्धालुओं को अयोध्या, काशी विश्वनाथ, प्रयागराज, चित्रकूट और मैहर की धार्मिक यात्रा पर भेजा गया। यात्रा के शुभारंभ पर विधायक रमेश मेंदोला ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और आयोजन के लिए बब्बू यादव को बधाई दी।
बब्बू यादव वार्ड क्रमांक 27 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनाव लड़ चुके हैं और उन्हें शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के करीबी नेताओं में भी माना जाता है। ऐसे में उनके धार्मिक आयोजन में भाजपा विधायक की प्रमुख मौजूदगी ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। कार्यक्रम में चिंटू चौकसे और कांग्रेस नेता राजू भदौरिया की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
वहीं, बब्बू यादव विधायक रमेश मेंदोला के भतीजे रत्नेश मेंदोला के साथ भी लगातार नजर आ रहे हैं। दोनों की बढ़ती नजदीकियों को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या बब्बू यादव भाजपा के करीब जा रहे हैं, या यह महज सामाजिक मेलजोल है? फिलहाल, इस घटनाक्रम को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
