इंदौर। फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने को लेकर विवाद बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में बुधवार सुबह सब्जी विक्रेता एक बार फिर फ्लाईओवर के नीचे दुकानें लगाने पहुंच गए। जैसे ही नगर निगम की रिमूवल टीम ने दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, मौके पर हंगामा शुरू हो गया। सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और विवाद में बदल गई।जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लग रही सब्जी दुकानों को हटाने पहुंची थी। विक्रेताओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क पर सब्जियां फेंककर नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने भी निगम की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर एक निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। मौके पर पांच थानों का पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें द्वारकापुरी थाने ले जाया गया। वहीं, विरोध कर रहे सब्जी विक्रेताओं को भी मौके से हटाया गया। पुलिस और नगर निगम के अमले ने कार्रवाई करते हुए ब्रिज के नीचे लगी मंडी को खाली करा दिया। फूटी कोठी चौराहे पर मंडी हटाने को लेकर विवाद पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। नगर निगम का कहना है कि यहां लगने वाली मंडी से यातायात प्रभावित होता है, इसलिए दुकानों को हटाया जा रहा है। वहीं, सब्जी विक्रेता कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और कांग्रेस नेता उनके समर्थन में उतर आए हैं। निगमकर्मी के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा के आरोपों को लेकर पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है।
