खबर सत्याग्रह | इंदौर शहर में प्रतिबंधित ई-सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ विजय नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कीम नंबर 54 स्थित बाफना टावर की न्यू पार्श्वनाथ पान शॉप पर दबिश दी। पुलिस ने दुकान से 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट, 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट और हुक्का इस्तेमाल से जुड़े उपकरण जब्त किए हैं। मामले में दुकान संचालक 55 वर्षीय संजीव जैन के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाफना टावर स्थित उक्त पान दुकान पर प्रतिबंधित ई-सिगरेट और हुक्का सामग्री का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विजय नगर पुलिस की टीम ने दुकान पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान दुकान संचालक संजीव जैन पिता पूरनचंद जैन के कब्जे से अलग-अलग विदेशी ब्रांड की 18 प्रतिबंधित ई-सिगरेट, 110 हुक्का फ्लेवर पैकेट और हुक्का संबंधी उपकरण बरामद किए गए।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1108/2026 के तहत इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धारा 4/7 एवं 5/8 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।ढाई साल पहले बेटे पर भी हुई थी कार्रवाईइस मामले में एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि करीब ढाई वर्ष पहले दुकान संचालक के बेटे संगम जैन के खिलाफ भी प्रतिबंधित ई-सिगरेट (वेप) बेचने के मामले में विजय नगर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद दुकान से प्रतिबंधित ई-सिगरेट और हुक्का सामग्री का कारोबार जारी होने की बात सामने आई है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर प्रतिबंधित ई-सिगरेट के सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।युवाओं तक प्रतिबंधित ई-सिगरेट की पहुंच रोकने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब जांच में यह देखना होगा कि जब्त सामग्री की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
