उज्जैन। प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर मंगलवार शाम बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचीं। दर्शन के बाद उन्होंने बाबा रामदेव और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रही बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया दी। साथ ही हिंदू संतों के आश्रमों को लेकर उठ रहे सवालों पर भी तीखा जवाब दिया।
शहनाज अख्तर ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि हिंदू सनातन धर्म के साधु-संत आश्रम में नहीं रह सकते, तो क्या मदरसों में रहेंगे? उन्होंने कहा कि देश में 25 से 30 प्रतिशत तक पाखंड जरूर चल रहा है, लेकिन इसके लिए धीरेंद्र शास्त्री को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
धीरेंद्र शास्त्री का विरोध कर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं लोग
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पाखंडी कहे जाने वाले बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए शहनाज अख्तर ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म के लिए काम कर रहे हैं और देश में उनका बड़ा नाम है। कुछ लोग उनका विरोध करके खुद सुर्खियों में आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में कुछ नकली साधु-साध्वियां और रील बनाने वाले लोग जरूर हैं, लेकिन उनके कारण असली साधु-संतों पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को कर्मकांडी ब्राह्मण और जन्मजात हिंदू भी बताया।
राम-कृष्ण और महादेव में कोई भेद नहीं
भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर शहनाज अख्तर ने कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण में कोई भेद नहीं है, दोनों एक ही हैं। जिस तरह हरि और हर में कोई अंतर नहीं है, उसी तरह भगवान श्रीराम और महादेव में भी कोई अंतर नहीं है।
महाकाल दर्शन को बताया सौभाग्य
बाबा महाकाल के दर्शन के अनुभव को साझा करते हुए शहनाज अख्तर ने कहा कि यह उनकी बड़ी कृपा है कि उन्हें बाबा के दर्शन करने का अवसर मिला। मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद उन्हें शांतिपूर्वक दर्शन हुए। उन्होंने बताया कि जब भी वे उज्जैन आती हैं, बाबा महाकाल की ओर से उन्हें प्रसाद स्वरूप शॉल और विजयमाला मिलती है।
शहनाज अख्तर के इस बयान के बाद धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो सकती है।
