इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित चंदनगुरु व्यायामशाला में 14 वर्षीय पहलवान छात्र के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रैक्टिस खत्म होने के बाद छात्र को अकेला पाकर कोच मनीष नामदेव ने उसके साथ अश्लील हरकत की और घटना की जानकारी किसी को देने पर छात्र और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाले फर्नीचर व्यवसायी का 14 वर्षीय बेटा पिछले करीब छह साल से चंदनगुरु व्यायामशाला में कुश्ती सीखने जाता था। 25 नवंबर को वह रोज की तरह शाम 4 बजे प्रैक्टिस के लिए गया था। आमतौर पर शाम 7:30 बजे तक घर लौटने वाला छात्र जब देर तक नहीं पहुंचा तो पिता उसकी तलाश में निकले। रात करीब 8:50 बजे छात्र हनुमान मंदिर चौक के पास रोता हुआ और डरा-सहमा मिला।पिता के पूछने पर छात्र ने बताया कि शाम करीब 7 बजे प्रैक्टिस खत्म होने के बाद अन्य लड़के और उसका दोस्त घर चले गए थे। इसके बाद व्यायामशाला में अकेला पाकर कोच मनीष नामदेव ने उसे अपने पास बैठाया और उसके साथ अनुचित हरकत की। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी।घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता अपने परिचित के साथ बेटे को लेकर सदर बाजार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कोच मनीष नामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
