खजराना मंदिर के गर्भगृह में आचमन कराते दिखे रुद्राक्ष, वीडियो वायरल होने के बाद VIP व्यवस्था पर उठे सवाल।
इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे मंदिर के गर्भगृह में भगवान गणेश को आचमन कराते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए लागू प्रतिबंध और VIP दर्शन व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार रात का है। गौरतलब है कि खजराना गणेश मंदिर में वर्ष 2020 से आम श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध है। विशेष परिस्थितियों में कलेक्टर की अनुमति के आधार पर ही गर्भगृह में प्रवेश दिया जाता है। ऐसे में रुद्राक्ष शुक्ला गर्भगृह में किस अनुमति के आधार पर पहुंचे, यह सवाल उठ रहा है।विशेष अनुमति के बाद भी प्रतिमा छूने की मनाहीखजराना गणेश मंदिर की व्यवस्था के अनुसार विशेष अनुमति मिलने पर भी श्रद्धालुओं को भगवान की प्रतिमा स्पर्श करने की अनुमति नहीं है। ऐसे में वायरल वीडियो में रुद्राक्ष को भगवान गणेश को आचमन कराते देखे जाने के बाद नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, रुद्राक्ष ने गर्भगृह में प्रवेश के लिए विशेष अनुमति ली थी या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।मंदिर प्रबंधन ने जताई अनभिज्ञतामामले को लेकर मंदिर समिति के जीएस मिश्रा का कहना है कि उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। रुद्राक्ष शुक्ला किस समय दर्शन करने पहुंचे थे, इसकी जानकारी भी उनके पास नहीं है। फिलहाल मंदिर प्रबंधन की ओर से वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।महाकाल मंदिर में रील बनाने को लेकर भी हुआ था विवादइससे पहले रुद्राक्ष शुक्ला उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल से रील बनाने को लेकर भी विवादों में आए थे। उस दौरान सामने आए वीडियो में वे मंदिर के चांदी द्वार तक रील बनाते नजर आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। साथ ही तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित भी किया गया था।अब खजराना गणेश मंदिर से सामने आए वीडियो ने एक बार फिर VIP दर्शन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है और विशेष अनुमति के बावजूद प्रतिमा स्पर्श करने की मनाही है, तो रुद्राक्ष शुक्ला को किन नियमों के तहत गर्भगृह में प्रवेश मिला? मंदिर प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।
