
इंदौर। इंदौर में बिना डॉक्टर के पर्चे के गर्भपात में उपयोग होने वाली दवा बेचने के मामले में औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एमवाय हॉस्पिटल के सामने स्थित कार्तिक केमिस्ट को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई औषधि नियंत्रक मनोज पुष्प के आदेश तथा कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के निर्देश पर की गई।27 जुलाई को औषधि निरीक्षकों की टीम ने थाना संयोगितागंज पुलिस के साथ संयुक्त छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर पर गर्भपात में उपयोग होने वाली कॉन्ट्रा किट दवा का बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के विक्रय किया जाना पाया गया। अनियमितता सामने आने के बाद विभाग ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।औषधि विभाग के अनुसार जिलेभर में मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 13 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से 6 मेडिकल स्टोर्स पर विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपलब्धता, नार्कोटिक्स श्रेणी की दवाओं के विक्रय और गर्भपात संबंधी दवाओं की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित या नियंत्रित दवाओं का विक्रय करने वाले मेडिकल स्टोर्स के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
