
इंदौर। शहर के तपेश्वरी बाग क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय बैंककर्मी पलक केशव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दतिया निवासी आरोपी मयंक शाक्य को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शादी नहीं करने की बात से नाराज होकर पलक का गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल की है।जानकारी के अनुसार, शनिवार रात हरदा जिले के टिमरनी की रहने वाली पलक का शव उसके किराए के कमरे में मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।थाना प्रभारी मनोज सेंधव की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाले। जांच के दौरान घटना से एक दिन पहले पलक से मिलने आए युवक की पहचान दतिया निवासी मयंक शाक्य के रूप में हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि मयंक और पलक पिछले पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। मयंक पलक से शादी करना चाहता था, लेकिन पलक इसके लिए तैयार नहीं थी। शादी से इनकार करने पर नाराज मयंक दतिया से इंदौर पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने पलक का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने मामले को हादसे की शक्ल देने की कोशिश की। उसने कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस को कमरे की जांच के दौरान किचन का गैस बर्नर खुला मिला, वहीं शव के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस आरोपी मयंक शाक्य को दतिया से इंदौर लेकर पहुंच चुकी है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
