इंदौर। पाटनीपुरा मेनरोड पर बुधवार दोपहर गणेश उत्सव के आयोजन के लिए लगाया गया बड़ा गेट और होर्डिंग अचानक गिर गया। होर्डिंग की चपेट में आने से श्रेय शर्मा नामक युवक को चोट आई। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका सिटी स्कैन कराया गया।जानकारी के मुताबिक, गोल स्कूल में होने वाले गणेश चतुर्थी आयोजन के लिए मेनरोड पर बड़ा गेट और होर्डिंग लगाया गया था। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, संभवतः किसी वाहन के टकराने से होर्डिंग गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क से होर्डिंग हटाया।श्रेय के पिता राजेश ने बताया कि उनका बेटा चौराहे पर सामान लेने गया था और वहां से रोड नंबर 28 स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया। श्रेय के कंधे के पीछे और सिर पर चोट आई है। श्रेय के परिवार का साउंड लगाने का काम है।होर्डिंग को लेकर धरने पर दंपतीहोर्डिंग को लेकर पिछले कुछ दिनों से प्रहलाद पांडे और उनकी पत्नी धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि होर्डिंग अवैध तरीके से लगाया गया है। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर और कलेक्टर से शिकायत भी की थी।यह आयोजन दो नंबर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश मेंदोला द्वारा कराया जाता है। मामले में एमआईजी थाने पर किसी शिकायत या सूचना पहुंचने की जानकारी फिलहाल नहीं है।
