इंदौर। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने किराये पर लिए गए चार पहिया वाहनों को दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए महिंद्रा कंपनी की दो थार और एक स्कॉर्पियो सहित तीन लग्जरी वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी किराये पर लिए गए वाहनों का अनुबंध के अनुसार भुगतान अपने बैंक खाते से करता था। इसके बाद वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम निकालकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता था।साइबर तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवम उर्फ गब्बू पिता मोहनलाल पाटीदार (24), निवासी ग्राम सालिया खेड़ी, जिला आगर मालवा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से तीन वाहन बरामद किए गए।मामले में थाना तेजाजी नगर में अपराध क्रमांक 490/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस के मुताबिक मामले में विशाल उर्फ भोला पिता मोहन पाटीदार, निवासी सालिया खेड़ी, जिला आगर मालवा, फरार है।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और विवेचना के आधार पर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित संलिप्तता की जांच जारी है।कार्रवाई पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-01 नरेन्द्र सिंह रावत एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकट्टा के निर्देशन में की गई। एसीपी आजाद नगर रविन्द्र बिलवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तेजाजी नगर निरीक्षक देवेन्द्र मरकाम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
