लॉ की फीस ₹90 हजार के बजाय ₹1.80 लाख से अधिक वसूलने का आरोप, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
इंदौर | खबर सत्याग्रहइंदौर के प्रेस्टीज कॉलेज में फीस वृद्धि के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गुरुवार को दोपहर में कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन के बाद प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छात्र नेताओं ने रात में कॉलेज के गेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।ABVP पदाधिकारियों के अनुसार, कॉलेज में हर साल लगभग 700 से 800 विद्यार्थियों से अधिक फीस वसूले जाने का आरोप है। संगठन का दावा है कि लॉ के विद्यार्थियों की फीस करीब 90 हजार रुपये होनी चाहिए, जबकि कॉलेज में इसके लिए 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक शुल्क लिया जा रहा है।संगठन का कहना है कि फीस के मुद्दे पर इससे पहले भी विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिलने के कारण विद्यार्थियों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ABVP पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधन से फीस के संबंध में स्पष्ट जवाब देने और विद्यार्थियों की मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।प्रदर्शन के दौरान नगर मंत्री देवेश गुर्जर और महानगर मंत्री कौशल यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक कॉलेज प्रबंधन उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।अब कॉलेज प्रबंधन के जवाब पर नजरफीस को लेकर शुरू हुए इस आंदोलन के बीच अब कॉलेज प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार है। विद्यार्थियों की फीस से जुड़े आरोपों और संगठन की मांगों पर प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
