इंदौर। भगवान श्री सत्य साई बाबा के 101वें जन्मोत्सव के अवसर पर श्री सत्य साई सेवा संगठन, इंदौर एवं श्री सत्य साई विद्या विहार, इंदौर द्वारा 22 और 23 नवंबर को दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में भक्ति संगीत, नाट्य मंचन और ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति के माध्यम से श्रद्धालुओं को साई प्रेम और भक्ति की अनुभूति कराई जाएगी।पहले दिन रविवार, 22 नवंबर को श्री सत्य साई विद्या विहार इंडोर स्टेडियम में संगीतमय कार्यक्रम “संगीत की मधुर स्वर लहरियों में साई प्रेम की अनुभूति” आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध गायक श्री प्रसन्ना राव द्वारा मोहम्मद रफ़ी साहब के सदाबहार भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम से पहले शाम 5:30 बजे से स्वल्पाहार और शाम 6 से 7:30 बजे तक संगीत कार्यक्रम होगा।वहीं दूसरे दिन सोमवार, 23 नवंबर को श्री सत्य साई विद्या विहार, एबी रोड, विजय नगर में शाम 6:45 बजे से जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें श्री सत्य साई बाल विकास के बच्चों द्वारा बाबा के लिखित नाटक “चेप्पिनट्टु चेस्तारा” का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्या विहार के छात्र-छात्राओं द्वारा “साई सिम्फनी” के अंतर्गत ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के पश्चात भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।आयोजकों ने शहर के सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से दोनों दिवसीय कार्यक्रमों में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम के निवेदक डॉ. अंजू चोपड़ा, प्रधानाचार्य एवं श्री कपिल देव भल्ला, जिलाध्यक्ष इंदौर हैं।
