56 दुकान के पुष्पक रेस्टोरेंट, ओल्ड कोलकाता रोल और पिपलियापाला के ओशन ग्रिल बार एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण
इंदौर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से कुल 9 खाद्य नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 56 दुकान स्थित पुष्पक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान संचालक अर्पित जैन की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और खाद्य पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से तुअर दाल, पनीर, पाव, पावभाजी की भाजी और सोयाबीन तेल के कुल 5 नमूने संग्रहित किए। निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।वहीं, खाद्य सुरक्षा दल ने पिपलियापाला स्थित ओशन ग्रिल बार एंड रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। मौके पर प्रतिष्ठान के प्रभारी मंजीत होरा उपस्थित थे। टीम ने फ्रीजर की डीप क्लीनिंग करने, कच्चे नॉनवेज खाद्य पदार्थों की स्वच्छता बनाए रखने और उनके व्यवस्थित रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। यहां से चिकन मंचो सूप और पनीर के 2 नमूने जांच के लिए लिए गए।इसके अलावा 56 दुकान स्थित ओल्ड कोलकाता रोल का भी निरीक्षण किया गया। यहां से वेज मंचूरियन नूडल्स और पनीर के 2 खाद्य नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।
