इंदौर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने 24.71 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.40 लाख रुपए कीमत की ड्रग्स, टवेरा कार और हीरो स्प्लेंडर बाइक जब्त की गई है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 4.80 लाख रुपए बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को क्राइम ब्रांच की टीम सुपर कॉरिडोर स्थित पिलर नंबर 132 के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी टवेरा कार में दो युवक संदिग्ध हालत में मिले। कार के अंदर एक बाइक भी रखी हुई थी। पूछताछ में दोनों घबराने लगे। तलाशी लेने पर कार के ड्राइवर साइड दरवाजे के बोतल होल्डर में छिपाकर रखी 24.71 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई।आरोपियों की पहचान वारिस मंसूरी (28), निवासी जावरा, रतलाम और समीर खान (25), निवासी बांसवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। अब आरोपियों से ड्रग्स के सप्लायर और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के 100 मामलों में 219 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 4.74 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं।
