कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन की तैयारी पूरी, इसी सप्ताह हो सकती है कार्रवाई
इंदौर के एमआर-10 से लगी न्याय नगर संस्था की जमीन पर बसी अवैध कृष्णबाग कॉलोनी में बड़ा प्रशासनिक एक्शन होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने यहां बने 71 मकानों को तोड़ने की पूरी तैयारी कर ली है और संभावना है कि इसी सप्ताह कार्रवाई शुरू हो जाएगी।यह मामला पिछले करीब 5 साल से कोर्ट में चल रहा था। हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक रहवासियों को राहत नहीं मिली, जिसके बाद अब प्रशासन को जमीन खाली कराने के आदेश मिले हैं। इससे पहले जुलाई 2024 में भी यहां 15 से ज्यादा मकानों को तोड़ा गया था, जिस दौरान लोगों ने विरोध भी किया था। प्रशासन ने कॉलोनी में कई दिनों से मकानों पर निशान लगाकर नोटिस जारी कर दिए हैं और रहवासियों को 10 दिन का समय दिया गया था। अधिकारियों के अनुसार, यदि लोग खुद मकान नहीं हटाते हैं तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।इस कॉलोनी में रहने वाले कई परिवारों की कहानी दर्दनाक है। किसी ने कर्ज लेकर प्लॉट खरीदा, तो कोई ब्रोकर के झांसे में आकर यहां बस गया। कई लोगों का कहना है कि उन्हें जमीन को लेकर सही जानकारी नहीं दी गई थी।पूरा मामला श्रीराम बिल्डर्स की याचिका से जुड़ा है, जिसमें कोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने के आदेश दिए थे। अब कोर्ट में जवाब पेश करने से पहले प्रशासन तेजी से कार्रवाई की तैयारी में है।
