
इंदौर, 4 अप्रैल 2026। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने धार जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मांडू का दौरा कर यहाँ की ऐतिहासिक धरोहरों और अद्वितीय स्थापत्य कला का अवलोकन किया। उन्होंने प्राचीन इमारतों की नक्काशी और उस दौर की उन्नत जल प्रबंधन प्रणाली की सराहना करते हुए मांडू के समृद्ध इतिहास को करीब से जाना।रात्रि में आयोजित ‘लाइट एंड साउंड शो’ के माध्यम से राज्यपाल मांडू के गौरवशाली अतीत से रूबरू हुए। शो में सुल्तान बाजबहादुर और रानी रूपमती की अमर प्रेम कथा सहित किलों के निर्माण और ऐतिहासिक घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए इतिहास को जीवंत करने वाले ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने राज्यपाल को मांडू में पर्यटन विकास और संरक्षण कार्यों की जानकारी दी।
