इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित अपोलो हाई स्ट्रीट बिल्डिंग के स्टूडियो एक्सओ क्लब में रविवार रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नाबालिग लड़की के साथ एक युवक होने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।सूचना के आधार पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने क्लब के अंदर मौजूद युवक और लड़की को बाहर लाया। लड़की को परिजनों के पास भेज दिया गया, जबकि युवक से पूछताछ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी पराग सैनी के नेतृत्व में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और भीड़ को हटाने के निर्देश दिए। इसी बात को लेकर पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई।पुलिस का कहना था कि भीड़ एकत्र न की जाए और कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए, जबकि कार्यकर्ता अपने स्तर पर पूछताछ करने पर अड़े रहे। कुछ देर चली बहस के बाद पुलिस ने सभी को वहां से हटाया, जिसके बाद मौके का माहौल शांत हो गया।बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक मौके से निकल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
