4 साल का मासूम जिंदा जला, सीट के नीचे मिला कंकाल; बेटे को खोकर भी पिता ने बचाई कई जानें
इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में शुक्रवार-शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर होटल जैन पथ के सामने खड़ी AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई और अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 4 साल का मासूम जिंदा जल गया, जबकि उसका जला हुआ कंकाल बाद में सीट के नीचे से मिला। बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री चाय-नाश्ते के लिए होटल पर उतरे थे। इसी दौरान बस के बोनट से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई। यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई, लेकिन भगदड़ के बीच मासूम सीटों के नीचे फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। मासूम के पिता अभिषेक जैन ने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि वे उसे नहीं निकाल सके। बेटे को खोने के बावजूद उन्होंने कई यात्रियों की जान बचाने में मदद की और बस में मिले लाखों रुपये के गहने ईमानदारी से पुलिस को सौंप दिए। यात्रियों का आरोप है कि बस में पहले से वायर जलने जैसी बदबू आ रही थी, जिसकी शिकायत ड्राइवर से की गई थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
