खाटू श्याम मंदिर कमेटी की फॉर्च्यूनर से कुचली गईं बाइकें, कार में मिली शराब… एक युवक की मौत से श्रद्धालुओं में आक्रोश
अजमेर-पुष्कर घाटी मार्ग पर सोमवार रात हुई एक दर्दनाक घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को झकझोर कर रख दिया। जिस फॉर्च्यूनर कार पर खाटू श्याम मंदिर कमेटी का नाम दर्ज था, उसी कार ने तेज रफ्तार में तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 9:45 बजे पुष्कर से अजमेर की ओर आ रही फॉर्च्यूनर बेकाबू रफ्तार में थी। कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर कई फीट तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार खाई में गिरते-गिरते बची, जबकि उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर पहाड़ी की तरफ भाग निकले।घटना में नगरा निवासी जितेंद्र और उनके साले रवि कुमार घायल हुए, वहीं शास्त्री नगर निवासी रोहित (22) और उनके चाचा मधुसूदन वैष्णव भी गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को तत्काल जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया।मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पुलिस ने फॉर्च्यूनर की तलाशी ली। कार से भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुईं। बताया जा रहा है कि गाड़ी खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम पर रजिस्टर्ड है और उसे मंदिर से जुड़ा पुजारी दिग्विजय सिंह चौहान चला रहा था।घटना की सूचना मिलते ही अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि चालक शराब के नशे में था या नहीं और कार में शराब कहां से लाई जा रही थी।इस हादसे के बाद श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस नाम पर लाखों लोग आस्था रखते हैं, उसी नाम की गाड़ी में शराब और तेज रफ्तार का यह खेल आखिर कैसे चल रहा था। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर गुस्सा फूट पड़ा है और लोग इसे “आस्था के नाम पर पाखंड” बता रहे हैं।
