खबर सत्याग्रह | इंदौरइंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में बिना अनुमति आयोजित हाउस पार्टी पर एसीपी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि तुलसी नगर स्थित एक मकान में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 25 से 30 युवक-युवतियों को पार्टी करते हुए पाया। जांच में सामने आया कि पार्टी के लिए मकान Airbnb के माध्यम से किराए पर लिया गया था और आयोजन की कोई वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी।पुलिस ने आयोजकों दुर्गेश राघव, प्रिंस प्रजापति, हर्षित राजानी, नीतू कुशवाह और आकांक्षा मरापे सहित कुल छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पूछताछ में आयोजकों ने बिना अनुमति पार्टी आयोजित करने की बात स्वीकार की।जांच के दौरान मकान मालिक नमन पांडे के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार उन्होंने किरायेदारों की जानकारी नियमानुसार संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई, जो नियमों का उल्लंघन है।लसूड़िया थाना पुलिस ने पुलिस आयुक्त के आदेशों के उल्लंघन के मामले में अपराध क्रमांक 1047/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले की जांच जारी है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी हाउस पार्टी, सार्वजनिक कार्यक्रम या इवेंट के आयोजन से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति अवश्य लें तथा मकान मालिक किरायेदारों की जानकारी समय पर स्थानीय थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं।
