Oplus_131072
22 नमूने लिए; बिना लाइसेंस चल रही मेस कराई बंद

इंदौर। विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंदौर के तीन प्रमुख विद्यालयों की मेस और कैंटीनों पर विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल 22 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि अग्रवाल पब्लिक स्कूल की हॉस्टल मेस बिना वैध खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन संचालित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से बंद करा दी गई।निरीक्षण के दौरान अग्रवाल पब्लिक स्कूल की मेस में खाद्य लाइसेंस के अलावा भोजन निर्माण में उपयोग होने वाले पानी की NABL लैब रिपोर्ट, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। विभाग ने परिसर में उपयोग किए जा रहे कुछ उपकरण बदलने के निर्देश भी दिए। यहां से पोहा, दाल, आटा, मसाले, नमक और सॉस सहित 12 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।वहीं विबग्योर स्कूल की कैंटीन में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। यहां से चना दाल, मूंग दाल, बेसन, आटा और चावल के 5 नमूने लिए गए। इसके अलावा सिका हायर सेकेंडरी स्कूल की मेस से छोला सब्जी, घी, तुअर दाल, चावल और सोयाबीन तेल के 5 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन को वैध खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने, फूड हैंडलर्स की मेडिकल जांच कराने, पानी की नियमित लैब जांच कराने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।सभी 22 खाद्य नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


