
इंदौर। ब्राउन शुगर तस्करी मामले की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस पूछताछ में एक युवती ने दावा किया है कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के संपर्क में थी और उसने अपनी सहेलियों के साथ नाना के साथ ड्रग्स एवं शराब का सेवन किया था। पुलिस ने युवती के बयान को जांच रिकॉर्ड में शामिल कर लिया है।जोन-1 के डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी को अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर की खेप नाना पटवारी और मानव गंगवानी तक पहुंचाने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि इरफान ने बंबई बाजार क्षेत्र से 10 हजार रुपये में ब्राउन शुगर खरीदी थी। इस आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन की जांच आगे बढ़ाते हुए कथित सप्लायर को भी हिरासत में लिया है। साथ ही ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है।सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के लिए बुलाई गई युवती ने पुलिस को बताया कि वह और उसकी सहेलियां नाना पटवारी के साथ ड्रग्स और शराब का सेवन करती थीं। युवती ने यह भी दावा किया कि कार में ड्रग्स लेने के अलावा अमितेष नगर और न्यूयॉर्क सिटी स्थित एक फ्लैट में भी उनकी मुलाकातें होती थीं। उसने नाना के ड्राइवर और उसके एक साथी की पहचान करने की बात भी कही है। पुलिस ने इन बयानों को जांच का हिस्सा बनाया है।डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि नाना पटवारी और मानव गंगवानी को नोटिस जारी किया गया है तथा दोनों से शनिवार को पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
