महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार सुबह वारी शोभायात्रा के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से भगवान विठ्ठल की तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक की तबीयत खराब थी। वह बुखार तथा सर्दी की दवा ले रहा था। पुलिस के अनुसार, दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान ट्रक अचानक बाईं ओर मुड़ गया और महिलाओं को कुचल दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में तीन वारकरी श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेलसर टोल प्लाजा से जेजुरी की ओर करीब 500 मीटर आगे एक होटल के पास हुआ। यह स्थान मुख्य पालखी शोभायात्रा से करीब 12 किलोमीटर आगे है। हर साल महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से वारकरी श्रद्धालु आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर सोलापुर जिले के पंढरपुर में भगवान विठ्ठल मंदिर में दर्शन के लिए वारी शोभायात्रा निकालते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।
