इंदौर। थाना विजय नगर क्षेत्र में 7 वर्षीय बालिका के गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महज दो घंटे में उसे सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों द्वारा अपहरण की आशंका जताए जाने पर विजय नगर थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।सहायक पुलिस आयुक्त पराग सैनी और थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के निर्देशन में आठ अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने संभावित स्थानों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से सघन तलाश अभियान चलाया।लगातार करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली। गुम बालिका अपने घर से लगभग 700 से 800 मीटर दूर स्थित अपनी नानी के घर की छत पर बने कमरे में सुरक्षित सोती हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया।बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और विजय नगर पुलिस की त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा की।विजय नगर थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के गुम होने जैसी किसी भी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस हर सूचना पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध है।
