सीवर लाइन निर्माण में आ रही थी बाधा, कनक स्मार्ट सिटी और न्यू विजय नगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई


इंदौर। अमृत 2.0 परियोजना के तहत सीवर लाइन निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झोन क्रमांक 17 के वार्ड 18 स्थित कनक स्मार्ट सिटी एवं न्यू विजय नगर क्षेत्र में 22 कच्ची और पक्की गुमटियों को हटाया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, सीवर लाइन निर्माण कार्य में ये गुमटियां बाधा बन रही थीं, जिसके कारण परियोजना की गति प्रभावित हो रही थी। अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सकेगा।कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी आनंद रैदास, भवन निरीक्षक पीयूष मावी, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित नगर निगम का अमला मौजूद रहा। निगम ने बताया कि शहर के विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
