इंदौर। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में सामाजिक कार्यकर्ता शिव अघोरी जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर शहर में नशे पर सख्ती और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में धार्मिक स्थलों पर गुटखा और तंबाकू थूकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नशे के पदार्थों की बिक्री पर रोक, धार्मिक स्थलों के पास संचालित शराब की दुकानों को हटाने तथा आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।शिव अघोरी ने कहा कि इन मुद्दों का सीधा संबंध समाज, युवाओं और धार्मिक आस्था से है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो जनहित में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
