इंदौर। विजय नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित ई-सिगरेट (वेप) की खेप जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नियमित आरओपी (Regular Observation Point) वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उसके बैग से चार पैकेट IGET B40000 डिस्पोजेबल वेप बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सुमित नंद निवासी रेत मंडी कॉलोनी, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि प्रतिबंधित वेप की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जा रही थी।पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रतिबंधित ई-सिगरेट, ड्रग्स व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
