ओवरटेक के दौरान आमने-सामने हुई टक्कर, पिकअप चालक वाहन में फंसा; कांच तोड़कर निकाला बाहर
महू। शनिवार सुबह बड़गोंदा थाना क्षेत्र के गवली पलासिया स्थित महेश्वर फाटे पर उपनगरीय बस और टाटा पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:40 बजे हुआ। दुर्घटना में बस में सवार स्कूली बच्चों और चार NCC कैडेटों को चोटें आई हैं। वहीं पिकअप चालक भी हादसे में घायल होकर वाहन के अंदर फंस गया।प्रत्यक्षदर्शी सनी गिरवान के अनुसार, बस मानपुर से महू की ओर आ रही थी। महू की ओर जाते समय बस चालक एक वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा पिकअप से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।कांच तोड़कर पिकअप चालक को निकालाहादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पिकअप चालक वाहन के अंदर फंस गया था, जिसे लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकाला। घायल चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल महू भेजा गया।बस में सवार स्कूली बच्चों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं। हादसे में चार NCC कैडेटों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजने के साथ ही दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक द्वारा किए जा रहे ओवरटेक की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दुर्घटना में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
