खबर सत्याग्रह | इंदौरइंदौर में बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल से रिंग रोड जाने वाली सर्विस रोड पर कीचड़ से भरे गड्ढे में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।चौकसे के मुताबिक, करीब दो साल पहले किसी काम के लिए इस सड़क को खोदा गया था, लेकिन अब तक इसकी ठीक से मरम्मत नहीं हुई। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं।प्रदर्शन से पहले चौकसे की कार फंसीप्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के दौरान चिंटू चौकसे की फॉर्च्यूनर भी इसी सड़क पर कीचड़ में फंस गई। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वे कार को गड्ढे से निकालने के लिए धक्का लगाते नजर आए। चौकसे ने कहा कि जब बड़ी एसयूवी तक सड़क पर फंस रही है, तो छोटी कारों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।महापौर और निगम पर लगाए आरोपचौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में कई जगह सड़कें गड्ढों और कीचड़ से बदहाल हैं। उन्होंने निगम के बजट और सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए मिलने वाली राशि को लेकर सवाल उठाए।चौकसे ने नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पुराने मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि हर साल सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए बजट में राशि निर्धारित की जाती है, तो फिर सड़कों की जमीनी स्थिति इतनी खराब क्यों है।कांग्रेस ने महापौर से नगर निगम के बजट और विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही बॉम्बे हॉस्पिटल से रिंग रोड जाने वाली सर्विस रोड की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी की गई।
