विजय नगर क्षेत्र में सामने आया वीडियो, जर्जर टैंकर से सड़क पर बहता नजर आया पानी; पहले भी खबर सत्याग्रह उठा चुका है टैंकरों की खराब हालत का मुद्दा
इंदौर | खबर सत्याग्रहइंदौर में एक ओर जनप्रतिनिधि शहर की जनता से पानी बचाने और कम से कम पानी में जीवन गुजारने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के ही टैंकरों से पानी बर्बाद होता नजर आ रहा है। विजय नगर क्षेत्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नगर निगम का जर्जर टैंकर चलता हुआ दिखाई दे रहा है। टैंकर के अंदर से पानी टपक रहा है और चलते वाहन से पानी सड़क पर बहता नजर आ रहा है। यह स्थिति नगर निगम की व्यवस्था और टैंकरों के रखरखाव पर सवाल खड़े करती है।दरअसल, इंदौर में पानी बचाने को लेकर लगातार अपील की जा रही है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित भाजपा नेताओं द्वारा भी लोगों से पानी का कम से कम उपयोग करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की बात कही जाती रही है। लेकिन सवाल यह है कि जब जनता से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील की जा रही है, तो नगर निगम अपने टैंकरों से पानी की बर्बादी रोकने के लिए क्या कदम उठा रहा है?पहले भी उठ चुका है टैंकरों की खराब हालत का मुद्दाशहर में नगर निगम के अन्य टैंकरों की हालत को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। जर्जर टैंकरों और उनसे पानी बहने की समस्या पर खबर सत्याग्रह पहले भी कई बार खबरें प्रकाशित कर चुका है। इसके बावजूद यदि शहर की सड़कों पर पानी बहाते टैंकर नजर आ रहे हैं, तो यह नगर निगम की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।नगर निगम की जिम्मेदारी, पानी की बर्बादी पर कब लगेगी रोक?नगर निगम को चाहिए कि शहर में चल रहे सभी पानी के टैंकरों की जांच कराई जाए। जिन टैंकरों की हालत खराब है या जिनसे पानी बह रहा है, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, टैंकरों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके।अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम इस वीडियो को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करेगा? क्या शहर में चल रहे अन्य टैंकरों की भी जांच कराई जाएगी? जब जनता से पानी बचाने की अपील की जा रही है, तो सरकारी व्यवस्था में भी पानी बचाने की जिम्मेदारी निभाना जरूरी है।पानी की हर बूंद कीमती है। इसकी बचत की शुरुआत नगर निगम को अपनी व्यवस्था दुरुस्त करने से करनी होगी।
